सोशल मीडिया पर बेबाक बयानों से बटोरते रहे सुर्खियां, जदयू ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को छह साल के लिए किया निष्कासित नीरज कुमार से पुरानी राजनीतिक अदावत ने फिर पकड़ा तूल, विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा राजीव कुमार रंजन, ब्यूरो पटना। IN Times Team कभी दबंग छवि और राजनीतिक रसूख के कारण चर्चा में रहने वाले मोकामा विधायक अनंत सिंह का अंदाज पिछले कुछ वर्षों में बदलता नजर आया है। उनके बेबाक बयान, मजाकिया टिप्पणियां और अनूठी शैली सोशल मीडिया पर खूब वायरल होती रही हैं। उनके आवास पर सोशल मीडिया से जुड़े लोगों की आवाजाही और वीडियो बनाने का सिलसिला भी चर्चा में रहा है। हालांकि, यही सार्वजनिक छवि अब उनकी राजनीतिक मुश्किलों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। जदयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। साथ ही अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा भी की गई है। 2015 से चली आ रही राजनीतिक अदावत अनंत सिंह और जदयू के वरिष्ठ नेता व विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार के बीच राजनीतिक टकराव पुराना है। वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़कर जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार को हराया था। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच तल्खी बनी रही। अनंत सिंह का आरोप रहा है कि पिछले विधानसभा चुनाव में नीरज कुमार ने उनके खिलाफ काम किया था। सियासी सफर में कई उतार-चढ़ाव वर्ष 2019 में अनंत सिंह के लदमा स्थित आवास से एके-47, हथगोले और कारतूस बरामद होने के मामले में उन्हें सजा हुई थी। अगस्त 2024 में पटना हाईकोर्ट ने इस मामले में उन्हें बरी कर दिया। वर्ष 2020 में वह राजद के टिकट पर विधायक बने, जबकि 2025 के विधानसभा चुनाव में जदयू के टिकट पर मोकामा से जीतकर विधानसभा पहुंचे। सोशल मीडिया की लोकप्रियता पर भारी पड़ा पार्टी अनुशासन पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू ने नीरज कुमार को फिर प्रत्याशी बनाया तो अनंत सिंह ने उनका समर्थन करने से इनकार कर दिया। इसके बजाय उन्होंने जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार किया और नीरज कुमार के खिलाफ बयान भी दिए। पार्टी नेतृत्व के समझाने के प्रयासों के बावजूद विवाद नहीं थमा। इसके बाद जदयू ने कार्रवाई की। अब सवाल यह है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने वाले अनंत सिंह अपनी राजनीतिक राह किस दिशा में ले जाएंगे। पार्टी से निष्कासन और सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा के बाद उनके अगले कदम पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी। Share this... Facebook Whatsapp Print Post navigation जलवायु परिवर्तन से बदले गेहू बुआई चक्र गेहूं की बुवाई 15 नवंबर तक कर लें पूरा संघर्ष की राह से सदन तक पहुंचे बंशीधर ब्रजवासी, शिक्षक आंदोलन से बनाई पहचान