साधारण शिक्षक परिवार में जन्म, हक की लड़ाई के दौरान खाईं लाठियां; नौकरी से बर्खास्तगी के बाद भी शिक्षकों ने नहीं छोड़ा साथ

2005 में शिक्षा मित्र के रूप में शुरू किया सफर, 2024 में बने तिरहुत स्नातक क्षेत्र के एमएलसी; 2026 में दूसरी बार हासिल की जीत

ऊषा कुमारी, मुजफ्फरपुर।

  (IN Times Team)

साधारण शिक्षक परिवार में जन्मे बंशीधर ब्रजवासी की पहचान एक ऐसे शिक्षक नेता के रूप में बनी, जिन्होंने अपने संघर्ष के दम पर राजनीति में अपनी जगह बनाई। विद्यार्थी जीवन से ही प्रखर वक्ता और जुझारू स्वभाव के रहे ब्रजवासी हमेशा अन्याय और समस्याओं के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाते रहे। शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई से शुरू हुआ उनका सफर विधान परिषद तक पहुंचा। इस दौरान उन्होंने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन संघर्ष का रास्ता नहीं छोड़ा।  बंशीधर ब्रजवासी ने वर्ष 2005 में मड़वन प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय रक्सा पूर्वी में शिक्षा मित्र के रूप में अपनी सेवा शुरू की। नियोजित शिक्षक बनने के बाद वर्ष 2006 में उन्होंने बिहार परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों के हक की लड़ाई शुरू की। समय-समय पर सरकार के खिलाफ आंदोलन करते हुए उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान कई बार पटना की सड़कों पर पुलिस की लाठियां भी खानी पड़ीं। पूस की कड़ाके की ठंड में आर ब्लॉक चौराहे पर अपने परिवार और शिक्षक समुदाय के साथ धरना देने का उनका संघर्ष भी चर्चा में रहा।

वर्ष 2012 में शिक्षकों के लिए वेतनमान की घोषणा की दिशा में उनके आंदोलन और प्रयासों को महत्वपूर्ण माना गया। इसके बावजूद उन्होंने शिक्षकों की अन्य मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाना जारी रखा। शिक्षा विभाग के एक कड़े अधिकारी के सामने भी शिक्षकों की समस्याएं बेबाकी से रखने के कारण वे चर्चा में आए। इसी संघर्ष के बीच वर्ष 2024 में उन्हें शिक्षक पद से बर्खास्त कर दिया गया। हालांकि, इस कार्रवाई के बाद भी शिक्षक समुदाय का समर्थन उनके साथ बना रहा।

बर्खास्तगी के बाद विधान परिषद तक का सफर- शिक्षक आंदोलन से मिली पहचान को उन्होंने राजनीतिक प्रतिनिधित्व में बदला। पांच दिसंबर 2024 को तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में जीत दर्ज कर वे विधान परिषद पहुंचे। इसके बाद वर्ष 2026 में हुए चुनाव में भी उन्होंने जीत हासिल की और दूसरी बार एमएलसी बने। उनका सफर शिक्षक के रूप में शुरुआत करने से लेकर शिक्षक हितों की आवाज को सदन तक पहुंचाने तक का रहा है।

शिक्षक पिता के छोटे बेटे हैं ब्रजवासी- बंशीधर ब्रजवासी के पिता नंदकिशोर सहनी पेशे से शिक्षक थे, जबकि मां गृहिणी हैं। दो भाइयों में छोटे ब्रजवासी के बड़े भाई शशिभूषण सहनी खेती-किसानी करते हैं। उनके बचपन के मित्र लक्ष्मी देशरत्न बताते हैं कि ब्रजवासी शुरू से ही मेधावी छात्र थे। स्कूल के दिनों में भी वे हमेशा अव्वल आते थे। पढ़ाई के साथ-साथ उनकी वक्तृत्व क्षमता और किसी मुद्दे पर अपनी बात मजबूती से रखने की आदत ने विद्यार्थी जीवन से ही उन्हें अलग पहचान दिलाई। यही मुखरता आगे चलकर उनके शिक्षक आंदोलन और राजनीतिक सफर की प्रमुख पहचान बनी।