उषा कुमारी, मुजफ्फरपुर।

IN Times Team Muzaffarpur 

मुजफ्फरपुर। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में इस बार बिहार में पहली बार एक अनोखा चुनावी नजारा देखने को मिला है। यहां जीत-हार का फैसला सामान्य मतगणना से नहीं, बल्कि एलिमिनेशन राउंड से हुआ है।

बिहार के विधान परिषद स्नातक चुनाव के इतिहास में पहली बार इस प्रक्रिया का इस्तेमाल इस चुनाव में किया गया, जहां वरीयता वोट के आधार पर सबसे कम वोट वाले प्रत्याशी को एलिमिनेट कर उसके वोट ट्रांसफर किए गए। इस तरह बिहार में पहली बार स्नातक चुनाव में एलिमिनेशन का दांव चला ,बंशीधर ब्रजवासी ने ट्रांसफर वोट से बाजी मारी।

इस रोमांचक मुकाबले में निर्दलीय प्रत्याशी बंशीधर ब्रजवासी ने जेडीयू के अभिषेक झा को 9,147 वोटों के बड़े अंतर से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। प्रक्रिया के तहत सबसे पहले जन सुराज के बी. मोहन एलिमिनेट हुए। उनके वोट बंटने पर बंशीधर को 241, अभिषेक झा को 428 और राजद उम्मीदवार डॉ. रश्मि विनायक गौतम को 525 वोट मिले। इसके बाद स्कोर बंशीधर ब्रजवासी 25,584, अभिषेक झा 20,487 और रश्मि गौतम 15,606 हो गया।

दूसरे राउंड में डॉ. रश्मि गौतम एलिमिनेट हुईं तो उनके वोट ट्रांसफर होने पर बंशीधर ब्रजवासी को 2,806 और अभिषेक झा को 2,198 वोट मिले। आखिरी निर्णायक राउंड में अभिषेक झा के एलिमिनेट होते ही उनके सारे वोट बंशीधर को ट्रांसफर हो गए और वे 31,832 वोट पाकर विजयी घोषित हुए, जबकि अभिषेक झा 22,685 वोट पर ही रह गए। इस रोमांचक जीत के साथ में विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी दूसरी बार इस सीट पर लगातार चुनाव जीते।