राजीव कुमार रंजन, ब्यूरो पटना

IN Times Team Patna 
पटना। बिहार विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में जेडीयू को करारा झटका लगा है। चार में से तीन सीटों पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है, जबकि पटना स्नातक की एकमात्र सीट वह भी कांटे की टक्कर में जीत पाई है। इस हार की सबसे बड़ी वजह पार्टी के अंदर ही पनपा बगावत का स्वर माना जा रहा है।


अपने ही नेताओं के बागी तेवर ने JDU की मुश्किलें बढ़ा दीं। तिरहुत समेत कई क्षेत्रों में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ ही जेडीयू के नेता मैदान में उतर गए, जिससे वोटों का बिखराव हुआ और पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा।
हालांकि पटना स्नातक सीट पर जीत से पार्टी ने राहत की सांस ली है, लेकिन तीन सीटों पर हुई हार को पार्टी नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है। इसी को लेकर JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बड़ा ऐलान किया है।
संजय झा ने कहा कि 5 नवंबर को पार्टी की समीक्षा बैठक बुलाई गई है, जिसमें हार के कारणों पर मंथन होगा और समीक्षा के बाद कड़ा फैसला लिया जाएगा। उनका यह बयान साफ संकेत दे रहा है कि दीपावली से पहले JDU में बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।
अब सवाल यही उठ रहा है कि यह एक्शन सिर्फ छोटे कार्यकर्ताओं तक सीमित रहेगा या बड़े नेताओं पर भी गाज गिरेगी। फिलहाल जेडीयू के अंदर बागियों में खलबली मच गई है।