आईएनटी ब्यूरो, नेपाल। भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र रक्सौल-आदापुर बॉर्डर से सटे नेपाल के बारा जिले में शनिवार को नवनिर्मित अस्पताल के उद्घाटन को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। फेटा गाउँपालिका में स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच हुई झड़प में गोली लगने से 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने 9 मोटरसाइकिलों में आग लगा दी और अस्पताल में तोड़फोड़ की। घटना के बाद पूरे फेटा क्षेत्र में तनाव का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जानकारी के अनुसार फेटा गाउँपालिका ने शनिवार को नए अस्पताल के उद्घाटन का कार्यक्रम रखा था। लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में बिजली, डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और जरूरी उपकरण जैसी बुनियादी सुविधाएं ही पूरी नहीं हैं। इसी कारण सचेत नागरिकों ने अधूरे अस्पताल के उद्घाटन का विरोध किया था। स्थानीय लोगों की मांग थी कि पहले डॉक्टर, स्टाफ और उपकरणों की पूरी व्यवस्था की जाए, उसके बाद ही अस्पताल शुरू किया जाए। आरोप है कि लोगों की मांग को अनसुना कर जबरन उद्घाटन करने की कोशिश हुई। शनिवार सुबह स्थानीय निकाय के लोग प्रशासनिक अधिकारी टीम उद्घाटन के लिए पहुंची तो विरोध तेज हो गया और देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाका पुलिस कार्यालय गंडक के प्रमुख पुलिस निरीक्षक सुमन लामा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। झड़प को काबू करने के दौरान चली गोली फेटा-3 निवासी धर्मेंद्र पासवान के 18 वर्षीय बेटे आदित्य पासवान के पेट में लगी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि गोली किसने चलाई, इस पर आधिकारिक बयान आना बाकी है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने 9 बाइकों को आग के हवाले कर दिया और अस्पताल परिसर में भी तोड़फोड़ की। घटना में कुल कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है। स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधा से जुड़े मामले में उद्घाटन से पहले ही हिंसा भड़कने से स्थानीय निकाय की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिखावे के लिए नहीं, बल्कि पूरी तैयारी के साथ अस्पताल चलाया जाए। Share this... Facebook Whatsapp Print Post navigation कांग्रेस में नई टीम को मिली कमान, सभापति गगन थापा ने पदाधिकारियों को दिलाई शपथ KATHMANDU(NEPAL) : प्रत्यक्ष में खाता भी नहीं खुला, अब 9 दलों का मोर्चा बनाकर वापसी की कवायद में मधेसवादी दल, जसपा-जनमत समेत ने बनाया अग्रगामी मोर्चा, मंसिर 10 से टुंडिखेल से आंदोलन का एलान