• प्रखंड कृषि भवन में आयोजित हुआ प्रशिक्षण सह उपादान वितरण समारोह; तीन दिनों में स्थलीय सर्वे रिपोर्ट देने का निर्देश।

  • गेहूं, दलहन और तिलहन की खेती को मिलेगा बढ़ावा; नहरों से सिंचाई और उचित मूल्य पर खाद-बीज की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर।

IN Times Team, Kanti(Muzaffarpur)

मुजफ्फरपुर (कांटी) | स्थानीय प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित कृषि भवन में मंगलवार को वासंतिक रबी महा अभियान के तहत प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण सह उपादान वितरण समारोह का आयोजन किया गया। स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर बीएओ शिवनाथ झा ने अंगवस्त्र पहनाकर विधायक का स्वागत किया।

किसानों को नहीं होगी खाद-बीज की कमी

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अजीत कुमार ने किसानों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में गेहूं, दलहन एवं तिलहन की खेती के लिए किसानों को किसी भी प्रकार की खाद-बीज की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने सभी किसान सलाहकारों को कड़ी निर्देश देते हुए कहा कि वे अगले तीन दिनों के भीतर किसानों की खेती योग्य भूमि का स्थलीय सर्वे कर रिपोर्ट सौंपें, ताकि किसानों को समय पर सभी कृषि योजनाओं का लाभ मिल सके।

विधायक ने यह भी कहा कि किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए नहरों से पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई जा रही है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर मौजूद बीडीओ, बीएओ, कोऑर्डिनेटर और किसान सलाहकारों को उनके त्वरित निदान के निर्देश दिए।

उचित मूल्य पर खाद-बीज और कृषि यंत्रीकरण परमिट का वितरण

किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने बीडीओ और बीएओ को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि कांटी क्षेत्र के सभी खाद-बीज विक्रेता किसानों को निर्धारित और उचित मूल्य पर ही खाद-बीज उपलब्ध कराएं। यदि किसी को कोई परेशानी हो, तो किसान तुरंत इसकी सूचना दें ताकि उसका समाधान किया जा सके। इस दौरान कई किसानों के बीच कृषि यंत्रीकरण के परमिट का भी वितरण किया गया।

प्रमुख लोगों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर बीडीओ किशन चंद्रयान, बीएओ शिवनाथ झा, मुखिया ज्ञान कौशिक होरिल, जदयू नगर अध्यक्ष सह पार्षद चंदन पांडे, हरदेव ठाकुर, मनमोहन सिंह, पवन कुमार, मुकेश कुमार, अर्जुन सिंह, सतीश सिंह, रामनरेश प्रसाद, शैलेंद्र चौधरी, सरोज सिंह, उमेश पांडे, और मनोज चौधरी सहित क्षेत्र के तमाम किसान, कोऑर्डिनेटर, किसान सलाहकार एवं कृषि विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।