एक सप्ताह में समाधान नहीं तो 18 नवंबर से एनएच-722 जाम करने की चेतावनी, विधायक के हस्तक्षेप पर डेढ़ घंटे बाद मुक्त हुए अधिकारी

IN Times Team Marwan, Muzaffapur

04-NOV-2026, WEDNESDAY

Muzaffarpur : रौतिनिया स्थित कचरा डंपिंग प्वाइंट पर शहर के मरे मवेशियों और अन्य कचरे का निष्पादन नहीं होने तथा दुर्गंध से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश बुधवार को फूट पड़ा। दोपहर करीब ढाई बजे नगर निगम के उप आयुक्त अमित कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी गौरव नारायण और सहायक अभियंता मुजम्मिल समेत आधा दर्जन अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों को देखते ही दर्जनों ग्रामीण जुट गए और हंगामा करने लगे। आक्रोशित लोगों ने अधिकारियों, कर्मियों और गार्ड को कार्यालय में बंद कर दिया तथा जमकर नारेबाजी की।

सूचना पर पहुंचे स्थानीय विधायक ई. अजीत कुमार और सीओ पुष्कल कुमार ने ग्रामीणों को समझाया। विधायक ने जिलाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता की। एक सप्ताह के अंदर बैठक कर स्थायी समाधान निकालने के आश्वासन पर करीब डेढ़ घंटे बाद अधिकारियों को मुक्त कराया गया।

ग्रामीणों मो. शमीम, सुधीर कुमार सिंह, मनोज सिंह, अंकेश कुमार ओझा समेत अन्य का आरोप था कि कचरे और मरे मवेशियों के कारण आसपास के इलाके में दुर्गंध फैल रही है।

 

विधायक ने चेतावनी दी कि 17 नवंबर तक ठोस पहल नहीं हुई तो 18 नवंबर से ग्रामीणों के साथ रेवा रोड एनएच-722 अनिश्चितकाल के लिए जाम किया जाएगा। जिलाधिकारी ने एक सप्ताह में समस्या का समाधान कराने तथा ऐसा नहीं होने पर संबंधित एजेंसी का कांट्रैक्ट रद्द करने का आश्वासन दिया।