दिन में तेज धूप और गर्मी का अहसास, किसानों को रबी फसलों की बुआई शुरू करने की सलाह

Chandan Kumar : IN Times Team, Muzaffarpur

मुजफ्फरपुर: उत्तर बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र के मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान क्षेत्र में कहीं भी बारिश नहीं हुई और मौसम पूरी तरह साफ एवं शुष्क बना रहा। इस बीच बुधवार को अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा) रहा। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास हो रहा है, वहीं सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक के साथ ओस भी महसूस की जा रही है।

सुबह 7 बजे सापेक्ष आर्द्रता 92 प्रतिशत दर्ज की गई, जो दोपहर 2 बजे घटकर 66 प्रतिशत रह गई। वाष्पोत्सर्जन 3.0 मिलीमीटर और हवा की गति 3.2 किलोमीटर प्रति घंटा (पछिया हवा) दर्ज की गई।

मौसम विज्ञानी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान भी मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है और फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं। इसे देखते हुए किसानों को इस साफ मौसम का पूरा लाभ उठाने की सलाह दी गई है। किसान आलू, मसूर, सरसों और गेहूं की बुआई की तैयारी कर सकते हैं। इसके साथ ही खेतों में नमी बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार हल्की सिंचाई करने, सब्जी वाली फसलों में नमी की कमी न होने देने और सुबह के समय फसलों की नियमित निगरानी करने की अपील की गई है।