विधि-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता: 292 स्थानों पर दंडाधिकारी तैनात, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी कड़ी निगरानी Usha Kumari : IN Times Team Muzaffarpur मुजफ्फरपुर: धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर जिलाधिकारी श्री कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कांतेश कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से उच्चस्तरीय बैठक कर प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारीद्वय ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था का संधारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी अधिकारी सजग, सतर्क और तत्पर रहें। किसी भी अफवाह का त्वरित खंडन करने, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय रखने और स्थानीय स्तर पर आसूचना तंत्र को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के तहत जिले में 292 स्थानों पर स्टेटिक दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिनकी निगरानी के लिए 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 7 मुख्य मार्गों पर 15 विशेष गश्ती दलों का गठन किया गया है जो लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। त्योहार के दौरान सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को सुचारू रखने के लिए नगर भवन के पास 6 नवंबर से 9 नवंबर तक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) के तहत नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। पर्व पर डीजे के पूर्ण प्रतिबंध के साथ लाउडस्पीकर के इस्तेमाल के लिए तय समय (सुबह 6 से रात 10 बजे तक) और डेसिबल मानकों का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया गया है। असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने, अवैध पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने और सघन छापेमारी के लिए धावा दल को सक्रिय कर दिया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सिविल सर्जन द्वारा एम्बुलेंस और चिकित्सकों की टीम तथा आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा अग्निशमन वाहनों व SDRF/NDRF की तैयारी सुनिश्चित की गई है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदेहास्पद सूचना तुरंत आपातकालीन नंबर डायल 112 पर दें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। Share this... Facebook Whatsapp Print Post navigation उत्तर बिहार में बदला मौसम का मिजाज: तापमान सामान्य से ऊपर, अगले 24 घंटे बारिश की कोई संभावना नहीं Muzaffarpur : महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय में ‘हिस्टोरिका’ महोत्सव का समापन: “भारतीय सिनेमा का इतिहास” पर केंद्रित रहा आयोजन