रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं के बीच मेधावी छात्राओं को किया गया सम्मानित; प्राचार्या ने की सराहना

Usha Kumari : IN Times Team Muzaffarpur

मुजफ्फरपुर: महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय (एमडीडीएम कॉलेज) के इतिहास विभाग के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक महोत्सव ‘हिस्टोरिका’ का भव्य समापन हो गया। इस वर्ष के महोत्सव का मुख्य विषय “भारतीय सिनेमा का इतिहास” था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्या प्रो. अलका जायसवाल ने कहा कि भारतीय सिनेमा केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह हमारे इतिहास, संस्कृति और बदलते सामाजिक परिवेश का एक जीवंत दस्तावेज है।

इतिहास के विद्यार्थियों के लिए सिनेमाई कालखंड अत्यंत महत्वपूर्ण दृश्य-श्रव्य स्रोत हैं। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए विभागाध्यक्ष डॉ. प्रांजलि और पूरे इतिहास विभाग की सराहना की। इस दो दिवसीय भव्य आयोजन के सफल मंच संचालन की कमान कॉलेज की मेधावी छात्राओं निशा, रिमझिम, कहकशां और उरुज ने अपनी सधी हुई जुबान और बेहतरीन तालमेल से संभाली। महोत्सव के पहले दिन छात्राओं ने मूक सिनेमा से लेकर आधुनिक फिल्मों के सफर पर आधारित भव्य कोलाज एवं पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया, जबकि दूसरे दिन सदाबहार गीतों पर मनमोहक नृत्य और संगीत के जरिए फिल्मों के ऐतिहासिक सफर को मंच पर जीवंत कर दिया गया।

समारोह के अंतिम दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता छात्राओं को प्राचार्या प्रो. अलका जायसवाल एवं विभागाध्यक्ष डॉ. प्रांजलि ने संयुक्त रूप से मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कोलाज प्रतियोगिता में शालवी प्रिया ने प्रथम, रिमझिम ने द्वितीय और निशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, नृत्य प्रतियोगिता में नैंसी प्रथम, सहिबा, साहिबा एवं शालवी प्रिया द्वितीय और स्नेहा ग्रुप तृतीय स्थान पर रहा। इसके अलावा गायन प्रतियोगिता में साक्षी ने प्रथम, शिवानी ग्रुप ने द्वितीय और लक्ष्मी ने तृतीय पुरस्कार अपने नाम किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राएं, शिक्षक-शिकाएं और शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।