सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने की घोषणा; 21 नवंबर को समाप्त होने वाली थी पहले बैच की चार साल की सेवा अवधि

Rakesh Jha Halchal, New Delhi IN Times Team

नई दिल्ली: भारतीय सेनाओं में भर्ती के लिए वर्ष 2022 में शुरू की गई ‘अग्निपथ योजना’ में केंद्र सरकार ने एक बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत पहले बैच के अग्निवीरों की सेवा अवधि में दो साल का विस्तार कर दिया गया है। चूंकि पहले बैच के अग्निवीरों की चार साल की सेवा अवधि इसी 21 नवंबर को समाप्त हो रही थी, इसलिए इस फैसले से हजारों जवानों को बड़ी राहत मिली है। अब वे 4 के बजाय कुल 6 साल तक देश की सेवा में बने रह सकेंगे। इस दो साल के अतिरिक्त सेवा विस्तार को ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ का नाम दिया गया है, जिसकी घोषणा चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने की है। रक्षा मंत्रालय का मानना है कि इस कदम से सेना की परिचालन क्षमता और अधिक मजबूत होगी तथा प्रशिक्षित जवानों के दीर्घकालिक अनुभव का पूरा लाभ मिल सकेगा।

मौजूदा नियमों के अनुसार, चार साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित कैडर में स्थायी कर लिया जाता है, जबकि शेष 75 प्रतिशत जवानों को सेवामुक्त कर दिया जाता है। नए प्रस्ताव के तहत अब इन 75 प्रतिशत सेवामुक्त होने वाले जवानों में से भी एक निश्चित हिस्से को दो साल और सेवा का विकल्प प्रदान किया जाएगा। सेना में इस ऐतिहासिक फैसले का स्वागत किया जा रहा है और अग्निवीरों का कहना है कि इस अतिरिक्त समय से उन्हें भविष्य की बेहतर तैयारी करने तथा अन्य सरकारी नौकरियों के लिए सुअवसर प्राप्त होंगे। सरकार की ओर से जल्द ही इस नई व्यवस्था के विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, जिसमें चयन प्रक्रिया, वेतन, भत्ते और अन्य सुविधाओं से जुड़ी तमाम जानकारियां स्पष्ट की जाएंगी।