सुरक्षा और समन्वय पर जोर; जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित, संपूर्ण संरचना की होगी हाई-लेवल सिक्योरिटी ऑडिट Chandan Kumar : IN Times Team Muzaffarpur मुजफ्फरपुर: गोबरसही-डुमरी सड़क पर नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने और हुए जोरदार विस्फोट की घटना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है। इस सिलसिले में जिलाधिकारी कुमार गौरव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर आयुक्त, दोनों अनुमंडल पदाधिकारी, एसडीपीओ, आईओसीएल के वरीय ऑपरेशन मैनेजर और विभिन्न तकनीकी विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में कड़ा रुख अपनाते हुए डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि भविष्य में पीएनजी परिसर या पाइपलाइन क्षेत्र में किसी भी निर्माण एजेंसी द्वारा बिना आईओसीएल के एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) के सड़क की खुदाई नहीं की जाएगी। खुदाई के दौरान आईओसीएल अधिकारी की अनिवार्य उपस्थिति, इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल की तैनाती और काम शुरू करने से लेकर पूरा होने तक सभी नियमों का पालन करना सभी स्टेकहोल्डर्स के लिए अनिवार्य होगा। दुर्घटनाओं को रोकने और बेहतर तालमेल के लिए आईओसीएल, नगर निगम, पथ निर्माण, बुडको और विद्युत समेत अन्य विभागों को मिलाकर एक समन्वय समिति का गठन किया गया है, जिसकी स्वीकृति के बिना क्षेत्र में कोई भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है, जिसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा, 2 नवंबर को हुई इस घटना की निष्पक्ष जांच के लिए अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है और डीपीएनजी की संपूर्ण संरचना की उच्च स्तरीय सिक्योरिटी ऑडिट कराने का भी निर्णय लिया गया है। Share this... Facebook Whatsapp Print Post navigation कैबिनेट का बड़ा फैसला: अग्निवीरों की सेवा अवधि 4 से बढ़कर हुई 6 साल, पहले बैच को मिला 2 साल का एक्सटेंशन Betiah : चीनी मिलों के पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियां तेज, डीएम ने दिए सख्त निर्देश