बाइक का हॉर्न बजाने के बाद विवाद 10-15 लोगों ने मिलकर पीट-पीटकर हत्या का आरोप रिपोर्ट : चंदन कुमार, मुजफ्फरपुर (INT) करजा थाना क्षेत्र के प्रतापपुर में शनिवार शाम भीड़ की पिटाई से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान महमदपुर खाजे निवासी राजेश राय के पुत्र नवनीत कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपित के घर पर हंगामा करते हुए आग लगा दी। सूचना मिलने पर करजा पुलिस और सरैया एसडीपीओ दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति नियंत्रित करने में जुट गए। मिली जानकारी के अनुसार, नवनीत बाइक से किसी काम से चैनपुर जा रहा था। इसी दौरान बाइक का हॉर्न बजाने के बाद विवाद होने की बात सामने आई। आरोप है कि चैनपुर चौक से पहले करीब 10 से 15 लोगों ने युवक को घेर लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमलावरों पर गले में बेल्ट लगाकर हत्या करने का भी आरोप लगाया। गंभीर रूप से घायल नवनीत को इलाज के लिए मड़वन स्थित अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज भेजे जाने की जानकारी है। हालांकि, रात में मड़वन में ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपित के घर पर हंगामा किया और आगजनी की। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सूचना मिलने के बाद करजा थाने, सरैया, कांटी के अलावे सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर, कांटी एसडीपीओ 1 सुचित्रा कुमारी, ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर, सिटी एसपी मोजिबुल्लाह अंसारी, एसडीओ पश्चिमी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोपहर करीब एक बजे शव को दाह संस्कार के लिए गांव स्थित श्मशान घाट भेजा गया। आक्रोशित लोग अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रही थी। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। दोनों जगहों पर पुलिस कैंप कर रही है। नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाए: अजीत कुमार, विधायक ने मुख्यमंत्री को दी घटना की जानकारी, शांति व्यवस्था बनाए रखने और हर पहलू पर नजर रखने का निर्देश प्रतापपुर में हत्या के बाद उत्पन्न स्थिति के बीच स्थानीय विधायक ई. अजीत कुमार रविवार की शाम घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। विधायक ने हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वारदात में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर उन्हें अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की। विधायक अजीत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मुख्यमंत्री जी को भी दी गई थी। जहां मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही प्रशासन को घटना के हर पहलू पर ध्यान देते हुए क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है। विधायक ने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपितों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से निष्पक्ष जांच करते हुए त्वरित कार्रवाई करने और फरार आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने का आग्रह किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि दुःख की इस घड़ी में वे उनके साथ हैं। मौके पर एसडीपीओ सरैया अभिजीत कौर, जेडीयू अध्यक्ष मो.शमीम, जाबिर हुसैन आदि थे। इधर पूर्व मंत्री इसराइल मंसूरी भी घटना के बाद मौके पर पहुंच पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि प्रशासन अविलंब इसमें शामिल आरोपितों को गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई करें। उन्होंने अगलगी पीड़ितों से भी मिलकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हत्या की कड़ी निंदा की। कहा इस तरह की घटना बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। Share this... Facebook Whatsapp Print Post navigation कोलकाता के दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़, 17 की मौत, 40 घायल Muzaffarpur पूर्व मंत्री ने पीड़ितों को दी सांत्वना, मृतक के परिजनों को 20 लाख मुआवजा देने की मांग