अग्निपीड़ितों से भी मिले इसराइल मंसूरी, तीन दिनों तक सामुदायिक रसोई चलाने और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह

INT News Network Muzaffarpur

मड़वन। करजा थाना क्षेत्र के प्रतापपुर महादलित बस्ती के समीप करजा-फंदा सड़क पर साइड मांगने के विवाद में शनिवार शाम मारपीट कर युवक की हत्या किए जाने की सूचना पर रविवार को बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह पूर्व विधायक इसराइल मंसूरी महम्मदपुर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मिलकर सांत्वना दी और स्थानीय लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की।

पूर्व मंत्री ने हत्या के आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए मृतक के परिजनों को 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।

इसके बाद इसराइल मंसूरी प्रतापपुर पहुंचे, जहां उन्होंने आगजनी से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ितों को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

मौके पर मौजूद अंचलाधिकारी पुष्कल कुमार से उन्होंने कम से कम तीन दिनों तक सामुदायिक रसोई चलाने तथा अग्निपीड़ितों को नियमानुसार मुआवजा देने का आग्रह किया। साथ ही पीड़ित परिवारों के बीच पॉलीथिन शीट, बर्तन सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।

इस पर सीओ ने रविवार को ही अग्निपीड़ितों के बीच पॉलीथिन शीट वितरित करने और पेयजल की सुविधा के लिए पानी की टंकी लगाने का आश्वासन दिया।