मीडिया फॉर बॉर्डर हार्मोनी ने सरकार के प्रति आभार जताया, भारत नेपाल संबंध को लेकर संगठन कर रहा लगातार पहल

IN Times Team, Patna

पटना। भारत-नेपाल सीमा से सटे गांवों के लिए अच्छी खबर है। अब बॉर्डर तक पहुंचना न सिर्फ तेज होगा, बल्कि गांव भी हाईवे से सीधे जुड़ेंगे। पटना से नेपाल और पश्चिम बंगाल तक पहली बार सीधी फोरलेन कनेक्टिविटी देने की तैयारी है। इसके लिए केंद्र ने दो बड़े प्रोजेक्ट – मुजफ्फरपुर-सोनबरसा और खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।

कुल 226 किलोमीटर की ये दोनों सड़कें पीपीपी मोड पर बनेंगी। इससे सीमांचल और मिथिला के बॉर्डर इलाके में विकास की रफ्तार तेज होगी। जानकारी के अनुसार टेंडर की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

83 KM का मुजफ्फरपुर-सोनबरसा कॉरिडोर, बॉर्डर 90 मिनट में

नेपाल बॉर्डर तक पहुंच आसान करने के लिए सबसे अहम है मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन। 83 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर 3591 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अभी मुजफ्फरपुर से सोनबरसा जाने में लंबा समय लगता है, नई सड़क बनने के बाद मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी का सफर सिर्फ 40 मिनट में और सोनबरसा यानी नेपाल बॉर्डर तक का सफर सिर्फ 90 मिनट में पूरा होगा। इस पूरे कॉरिडोर में 340 मीटर लंबा एक बड़ा पुल, 5 छोटे पुल और 3 रेलवे ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। इससे बॉर्डर के गांवों से सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर मंडी तक आवाजाही आसान होगी। किसानों को अपना उत्पाद ले जाने में आसानी होगी।

खगड़िया से पूर्णिया 2 घंटे में, कृषि को मिलेगा बाजार

दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट है खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन। 144 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर 3936 करोड़ रुपये की लागत आएगी। अभी इस रूट पर 5.5 से 6 घंटे लगते हैं, नई फोरलेन के बाद यह दूरी महज 1.5 से 2 घंटे में तय होगी। इससे खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। पूर्णिया में 6.7 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड बाइपास और लॉजिस्टिक हब बनाया जाएगा। इससे शहर में ट्रकों का दबाव कम होगा और नेपाल व बंगाल की ओर जाने वाले माल की ढुलाई तेज होगी। बॉर्डर के गांवों के कृषि उत्पाद, मक्का और जूट अब सीधे बड़े बाजारों तक पहुंच सकेंगे।

रामजानकी मार्ग से कनेक्शन

इस हाईवे नेटवर्क को रामजानकी मार्ग से जोड़ा जाएगा। इससे अयोध्या से जनकपुर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रास्ता और सुगम हो जाएगा। उत्तर बिहार के धार्मिक पर्यटन को भी इससे बढ़ावा मिलेगा।

कुल मिलाकर ये दोनों फोरलेन सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि बॉर्डर के गांवों को पटना, नेपाल और बंगाल से जोड़ने वाली लाइफलाइन साबित होंगी।