IN Times Team Muzaffarpur कभी गांव-गांव में था नाटक का जबरदस्त क्रेज मुजफ्फरपुर। संवाददाता। बदलते दौर में जहां मनोरंजन के आधुनिक साधनों के बीच पारंपरिक लोककलाओं का अस्तित्व धीरे-धीरे सिमटता जा रहा है, वहीं मुजफ्फरपुर जिले के सरैया प्रखंड के नरगी जीवनाथ गांव के कलाकारों ने पांच दशक पुरानी नाट्य परंपरा को आज भी जीवंत रखा है। गांव स्थित आदर्श युवा नाट्य कला रंगमंच के कलाकार पिछले 50 वर्षों से दुर्गा पूजा एवं छठ के अवसर पर नाटकों का मंचन कर अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेज रहे हैं। कलाकारों की इस पहल से गांव में न केवल नाट्य कला की परंपरा कायम है, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। इस वर्ष दुर्गा पूजा के अवसर पर सप्तमी से दशहरा तक लगातार चार दिनों में अलग-अलग नाटकों का मंचन किया गया। सप्तमी की रात ‘खानदान सहित मिटा दूंगा’, अष्टमी को ‘नटुआ दयाल’, नवमी को ‘खूनी दूल्हा’ और दशहरा की रात ‘मुकाबला नाग-नागिन का’ नाटक का मंचन हुआ। कलाकारों ने अपने अभिनय, संवाद और मंच प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन किया। नाटकों के माध्यम से सामाजिक और पारिवारिक प्रसंगों को भी जीवंत करने का प्रयास किया गया। नाट्य मंचन के सफल आयोजन में निर्देशक नागमणि सूरज, उपनिर्देशक दिनेश पटेल, उद्घोषक विक्रम कुमार सुमन, रामबाबू रसिया, राजू गिरि, रामप्रसाद महतो, दीपक दुलारा, प्रिंस पटेल सहित अन्य कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्थानीय कलाकारों के सामूहिक प्रयास से पांच दशक पुरानी यह परंपरा आज भी कायम है। गांव-गांव में होता था नाटकों का मंचन स्थानीय साहित्यकार एवं दर्जनों नाटकों के लेखक डॉ. एमके गिरि राकेश ने बताया कि एक समय था, जब गांव-गांव में नाटक का जबरदस्त क्रेज हुआ करता था। शादी-विवाह, दुर्गा पूजा, छठ और अन्य शुभ अवसरों पर स्थानीय कलाकारों द्वारा नाटकों का मंचन किया जाता था। लोग रातभर बैठकर नाटक देखते थे और कलाकारों का उत्साहवर्धन करते थे। नाटक केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक संदेश देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का माध्यम भी हुआ करता था। उन्होंने कहा कि समय के साथ टेलीविजन, सिनेमा और मनोरंजन के अन्य आधुनिक साधनों के बढ़ते प्रभाव के कारण नाटकों के प्रति लोगों का आकर्षण कम होता चला गया। अब गांवों में भी नाटक का मंचन बहुत कम देखने को मिलता है। ऐसे समय में नरगी जीवनाथ के कलाकारों द्वारा पिछले 50 वर्षों से इस परंपरा को जारी रखना सराहनीय है। यह पहल ग्रामीण संस्कृति और लोक नाट्य कला को बचाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण है। Share this... Facebook Whatsapp Print Post navigation अखंड भारत पुरोहित महासभा आज का पंचांग पंचांग 22/10/2026 : अखंड भारत पुरोहित महासभा आज का पंचांग