जलवायु परिवर्तन से बदले गेहू बुआई‌ चक्र गेहूं की बुवाई 15 नवंबर तक कर लें पूरा

IN Times Team Muzaffarpur

मुजफ्फरपुर:: जलवायु परिवर्तन को लेकर अपने फसल चक्र में भी बदलाव करें। डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विश्वविद्यालय पूसा के वरीय मौसम विज्ञानी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि दक्षिण-पूर्व और मध्य-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र चक्रवाती परिसंचरण के साथ लगातार मजबूत हो रहा है। यह डिप्रेशन से डीप डिप्रेशन और फिर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है, जो उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से बिहार में 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मौसम बिगड़ेगा। अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, 29 अक्टूबर के आसपास भारी बारिश, गरज-चमक, ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवा का अलर्ट है।

डॉ. सत्तार ने कहा कि यह घटना जलवायु परिवर्तन का स्पष्ट संकेत है। अनियमित वर्षा, बाढ़, सुखाड़ और तापमान में अचानक उतार-चढ़ाव फसलोत्पादन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। बदलते मौसम में फसल उत्पादन के तौर-तरीकों में बदलाव और पर्यावरण हितैषी रणनीति जरूरी है।

रबी बुवाई में बदलाव जरूरी

डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के शोध के अनुसार बुआई की तिथि बदलकर जलवायु के कुप्रभाव को कम किया जा सकता है। रबी मक्का की बुवाई अक्टूबर में नहीं, बल्कि 10 से 30 नवंबर के बीच करने से सामान्य वृद्धि के लिए अनुकूल मौसम मिलता है और अच्छी उपज मिलती है।

गेहूं के लिए सबसे महत्वपूर्ण है समय। सामान्य किस्मों की बुवाई पहले 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक होती थी, लेकिन अब 15 नवंबर तक बुवाई पूरी करना लाभकारी होगा। इससे फूल और पकने के समय होने वाले उच्च तापमान और पछुआ हवा के टर्मिनल हीट स्ट्रेस से बचा जा सकता है। साथ ही बुवाई समय पर होने से कटाई मार्च के अंतिम सप्ताह में हो जाएगी। देर से बुवाई पर कटाई अप्रैल में होती है, जबकि ओलावृष्टि की 70 प्रतिशत घटनाएं अप्रैल में होती हैं।

कृषि बचाने के उपाय

डॉ. सत्तार ने मौसम आधारित कृषि परामर्श सेवा का लाभ लेने, जीरो टिलेज और संरक्षण टिलेज अपनाने, फसल अवशेषों को खेत में मिलाने, कार्बन संचयन बढ़ाने, कृषि वानिकी, मधुमक्खी पालन, मत्स्य और पशुपालन के साथ फसल विविधीकरण और जीआईएस व रिमोट सेंसिंग तकनीक अपनाने की सलाह दी है।